कुशीनगर : गोला घाट पुल की गुणवत्ता पर उठे सवाल, निर्माणाधीन पुल में सरिया बाहर निकलने का आरोप

Nov 24, 2026 - 12:40
 0
कुशीनगर : गोला घाट पुल की गुणवत्ता पर उठे सवाल, निर्माणाधीन पुल में सरिया बाहर निकलने का आरोप

25.70 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा पुल, ग्रामीणों ने तकनीकी जांच कराकर मानक के अनुरूप निर्माण कराने की मांग उठाई 

कृष्णा यादव, पिपराघाट/तमकुहीराज । सेवरही ब्लॉक के पिपराघाट क्षेत्र में गोला घाट पर निर्माणाधीन पुल की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण के शुरुआती चरण में ही पिलर की ढलाई से सरिया बाहर दिखाई देने लगी है। वहीं, ढलाई में प्रयुक्त कंक्रीट में बालू की मात्रा और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी संदेह जताया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि करीब 25.70 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल के निर्माण में शुरुआती स्तर पर ही खामियां सामने आना चिंता का विषय है। उनका आरोप है कि पिलर की ढलाई के दौरान सरिया बाहर निकलने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुल क्षेत्र की हजारों आबादी के आवागमन का महत्वपूर्ण साधन बनने वाला है, ऐसे में इसकी मजबूती और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने, कंक्रीट की गुणवत्ता की जांच और सरिया की उचित स्थिति का तकनीकी परीक्षण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य की शुरुआती अवस्था में ही गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की गंभीर समस्या उत्पन्न न हो।

ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर संबंधित विभागीय अधिकारियों से तकनीकी जांच कराने तथा निर्माण कार्य की निगरानी बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि पुल का निर्माण क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए हो रहा है, इसलिए इसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

इस संबंध में परियोजना के अधिशासी अधिकारी विवेक नायक और साइट इंचार्ज सिंघ ने बताया कि शटरिंग के दौरान सरिया दब गई थी, जिसके कारण ढलाई के समय कुछ हिस्सा बाहर दिखाई देने लगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि इसे दोबारा सही कराया जाएगा। ग्रामीणों ने आश्वासन के साथ-साथ निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराए जाने की मांग भी दोहराई है।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र