दिव्यांगजन शादी प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत मिलेगा ₹35 हजार तक का अनुदान
अमिट रेखा/ प्रदीप कुमार श्रीवास्तव /कुशीनगर
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अभय पाण्डेय ने बताया कि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित दिव्यांगजन शादी प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांग दम्पत्तियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना के तहत दम्पत्ति में युवक के दिव्यांग होने की स्थिति में ₹15,000, युवती के दिव्यांग होने की स्थिति में ₹20,000 तथा युवक एवं युवती दोनों के दिव्यांग होने पर ₹35,000 की धनराशि अनुदान स्वरूप दी जाती है।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने हेतु विवाह के समय युवक की आयु 21 वर्ष से कम तथा 45 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए, जबकि युवती की आयु 18 वर्ष से कम एवं 45 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। दम्पत्ति उत्तर प्रदेश का स्थायी निवासी हो अथवा कम से कम 5 वर्षों से उत्तर प्रदेश का अधिवासी हो। इसके अतिरिक्त दम्पत्ति में कोई भी आयकर दाता नहीं होना चाहिए तथा वे किसी भी आपराधिक प्रकरण में वांछित नहीं होने चाहिए।
योजना के अंतर्गत पात्रता हेतु मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र के अनुसार दिव्यांगता न्यूनतम 40 प्रतिशत अथवा उससे अधिक होना अनिवार्य है। ऐसे दिव्यांग दम्पत्ति पात्र होंगे जिनका विवाह दिनांक 01 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2026 के मध्य सम्पन्न हुआ हो।
दिव्यांगजन शादी प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अंतर्गत इच्छुक पात्र दिव्यांग दम्पत्ति विभागीय वेबसाइट divyangjan.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय दम्पत्ति का संयुक्त नवीनतम फोटो, विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो), आय एवं जाति प्रमाण पत्र, युवक एवं युवती का आयु प्रमाण पत्र, सक्षम अधिकारी द्वारा निर्गत दिव्यांगता प्रमाण पत्र, राष्ट्रीयकृत बैंक में संचालित संयुक्त खाता विवरण, निवास प्रमाण पत्र तथा युवक एवं युवती के आधार कार्ड की छायाप्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा।
इसके साथ ही ऑनलाइन सबमिट आवेदन पत्र की प्रिंट प्रति एवं सभी वांछित अभिलेखों की हार्ड कॉपी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या-09, विकास भवन, रविन्द्र नगर, कुशीनगर में जमा कराना अनिवार्य है।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक दम्पत्ति किसी भी कार्य दिवस में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या-09, विकास भवन, रविन्द्र नगर, कुशीनगर में संपर्क कर सकते हैं।