47 साल बाद फिर लौटा स्कूल के दिनों का कारवां, पुराने मित्रों के मिलन से भावुक हुआ माहौल
सैकड़ों पूर्व छात्र-छात्राओं ने साझा कीं पुरानी यादें, गीत-संगीत और सामूहिक नृत्य ने समारोह में बांधा समां
अमिटरेखा /कृष्णा यादव /तमकुहीराज, कुशीनगर। समय की लंबी दूरी और जिंदगी की व्यस्तताओं को पीछे छोड़ फतेह मेमोरियल इंटरमीडिएट कॉलेज, तमकुहीराज के पूर्व छात्र-छात्राएं 47 वर्षों बाद एक बार फिर एक ही छत के नीचे जुटे। बुधवार को नगर पंचायत तमकुहीराज स्थित हरिओम लाइंस में आयोजित ‘पुराने मित्रों से एक मुलाकात’ कार्यक्रम में वर्ष 1976 से 1979 के बीच कॉलेज में अध्ययनरत रहे सैकड़ों महिला एवं पुरुष मित्रों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर पुरानी यादें ताजा कीं। इस दौरान बधाइयों, शुभकामनाओं और आत्मीय बातचीत का सिलसिला चलता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मित्रों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद आयोजन से जुड़े नंद प्रकाश गुप्ता ने श्लोक प्रस्तुत कर समारोह को आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया।
समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने चार चांद लगा दिए। महिला मित्रों ने गीत-संगीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उल्लास से भर दिया। वहीं पुरुष मित्रों ने भी अपनी गायकी और नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अच्छेलाल सोनी सहित अन्य मित्रों ने गीत प्रस्तुत किए, जिनका उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
दिल्ली से पहुंचे रामेश्वर गुप्ता ने अपने पुराने विद्यार्थी जीवन की यादें ताजा करते हुए गीत प्रस्तुत किया। उनके गीतों पर रमाकांत पटेल, नंद प्रकाश गुप्ता और मैनेजर गौड़ सहित अन्य मित्रों ने भांगड़ा नृत्य कर समारोह में उत्साह का रंग भर दिया। हर कोई इस यादगार पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने के लिए उत्सुक नजर आया।
इस मिलन समारोह का मुख्य आकर्षण 47 वर्षों बाद पुराने सहपाठियों का आमने-सामने बैठकर सुख-दुख साझा करना रहा। कभी एक साथ विद्यालय में पढ़ने वाले मित्र आज जीवन के अलग-अलग पड़ाव पार कर चुके हैं, लेकिन उनके बीच दोस्ती और अपनापन पहले जैसा ही दिखाई दिया। हंसी-मजाक, पुरानी शरारतों और विद्यालय के दिनों की यादों ने सभी को भावुक भी किया और खुशियों से सराबोर भी।
आयोजकों के अनुसार, फतेह मेमोरियल इंटरमीडिएट कॉलेज के 1976 से 1979 बैच के पूर्व छात्र-छात्राओं की यह चौथी सामूहिक मुलाकात रही। समारोह में रामाशंकर यादव, सेवानिवृत्त कर्मचारी, सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव, अशोक मिश्रा, आरिफ हुसैन खान सहित सैकड़ों महिला एवं पुरुष मित्र मौजूद रहे। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि सच्ची मित्रता पर समय का फासला भी कभी भारी नहीं पड़ता।