अमित शाह के लखनऊ दौरे से पहले भाजपा मुख्यालय में मंथन, मिशन-2027 की तैयारियों पर रहेगा जोर
अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित लखनऊ दौरे से पहले गुरुवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हुई। बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।
प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह सहित पार्टी के सभी प्रदेश पदाधिकारी मौजूद हैं। बैठक में अमित शाह के दौरे को लेकर आवश्यक तैयारियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के शुक्रवार को लखनऊ पहुंचने का कार्यक्रम है। उनके दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी का मुख्य फोकस संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर रहने की संभावना है।
मिशन-2027 पर भाजपा का फोकस
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठन स्तर पर अपनी तैयारियों को धार देने में जुटी है। अमित शाह के दौरे के दौरान चुनावी रणनीति और संगठन की तैयारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।