रामकोला में ट्रक-कार टक्कर, दो घायलः आमने-सामने की भिड़ंत में एक की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
अमिट रेखा/ ओम प्रकाश यादव/ रामकोला/ कुशीनगर
कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र के टेकुआटार में एक कार और गन्ने से लदे ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कार सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए रामकोला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है।
घायलों की पहचान नैका छपरा निवासी विनय कुमार सिंह (45 वर्ष) और लाला गुरवालिया निवासी आविद अली के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. एसके विश्वकर्मा ने विनय सिंह व आबिद अली की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को सीएचसी पहुंचाया। सूचना मिलने पर रामकोला पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन बहाल करवाया। टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
बताया गया है कि दोनों घायल रामकोला से अपने घर जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे गन्ने से लदे ट्रक से उनकी कार की सीधी टक्कर हो गई।