भोजपुरी गायक रितेश पांडे के गीतों पर झूम उठा तमकुही राज, देर रात तक चला सांस्कृतिक कार्यक्रम

Nov 23, 2026 - 16:08
Nov 23, 2026 - 16:13
 0
भोजपुरी गायक रितेश पांडे के गीतों पर झूम उठा तमकुही राज, देर रात तक चला सांस्कृतिक कार्यक्रम

अमिटरेखा | कृष्णा यादव तमकुही राज, कुशीनगर।v

कुशीनगर महोत्सव के तहत तमकुही राज के रामलीला मैदान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या भोजपुरी संगीत के रंग में सराबोर रही। भोजपुरी के चर्चित गायक रितेश पांडे ने अपनी शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम में समां बांध दिया। उनके लोकप्रिय गीतों पर मैदान में मौजूद युवाओं और संगीत प्रेमियों ने जमकर उत्साह दिखाया।

महोत्सव के दौरान रामलीला मैदान में कृषि विभाग, रेशम विभाग, खादी एवं वस्त्र उद्योग, गन्ना विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र सहित विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए, जहां विभागीय योजनाओं, उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी लोगों को दी गई।

शनिवार की शाम आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी के नामचीन गायक-गायिकाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम के आयोजक एवं कुशीनगर महोत्सव अध्यक्ष विनय राय के आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर सांस्कृतिक संध्या का आनंद लिया।

भोजपुरी गायक रितेश पांडे का मंच पर आते ही दर्शकों में खास उत्साह देखने को मिला। अपनी सुरीली आवाज और दमदार गायकी से उन्होंने एक के बाद एक भोजपुरी गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक चले कार्यक्रम में हजारों की संख्या में युवा, ग्रामीण और संगीत प्रेमी मौजूद रहे। गीत-संगीत, तालियों और उत्साह के बीच महोत्सव की यह सांस्कृतिक शाम लोगों के लिए यादगार बन गई।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र