ठंड से राहत की पहल जरूरतमंदों को बांटे कंबल
अमिट रेखा/ विनीत कुमार
गोरखपुर। कड़ाके की ठंड से जूझ रहे असहाय और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मान सम्मान सेवा समिति द्वारा सूर्यकुण्ड धाम स्थित अहिल्या बाई होलकर वैदिक पुस्तकालय परिसर में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शिव मंदिर के प्रधान पुजारी पं० विजय कुमार दुबे की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान विकलांग, असहाय, अस्वस्थ, आर्थिक रूप से कमजोर तथा वृद्धजनों को कंबल वितरित किए गए। महिलाओं को ठंड से बचाव के लिए गर्म शाल भी प्रदान की गई। इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में जरूरतमंदों ने भाग लिया, जिससे उन्हें कड़ाके की ठंड में काफी राहत मिली।
पं० विजय कुमार दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और समाज के कमजोर वर्गों की मदद करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि आगे भी यदि ऐसे असहाय लोग जानकारी में आते हैं तो उन्हें कंबल उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने मान सम्मान सेवा समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
इस अवसर पर सूर्यकुण्ड धाम समिति के अध्यक्ष अमरदीप गुप्ता भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि मजदूरों, असहाय एवं ठंड से पीड़ित लोगों को सैकड़ों की संख्या में कंबल वितरित किए गए हैं। उन्होंने समिति के सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरतमंदों की पहचान कर कंबल वितरण का कार्य सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड से परेशान न रहे।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने मान सम्मान सेवा समिति के इस मानवीय प्रयास की जमकर प्रशंसा की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
कंबल वितरण कार्यक्रम में मुख्य रूप से पुस्तकालय प्रमुख राधेश्याम सिंह, विवेकानंद, रानी दुबे, जे.पी. राजभर, चंदन दुबे, प्रदीप श्रीवास्तव, अनुराग, सुनील मझवार, विजय श्रीवास्तव, डॉ. अजय कुमार शाही, रवि शर्मा सहित समिति के कई अन्य सदस्य और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस सेवा कार्य से ठंड से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है और मान सम्मान सेवा समिति का यह प्रयास सामाजिक सरोकार और मानवता की मिसाल बनकर सामने आया है।