ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0 की लक्ष्यपूर्ति को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न
उद्योग स्थापना को गति देने हेतु जिला प्रशासन की सुविधाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
कुशीनगर में निवेश को प्रोत्साहन: जिलाधिकारी ने उद्यमियों से उद्योग स्थापना की अपील की
अमिट रेखा /प्रदीप कुमार श्रीवास्तव/ कुशीनगर
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0 की लक्ष्यपूर्ति से सम्बन्धित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों को आवंटित लक्ष्यों की विभागवार गहन समीक्षा की गई तथा अपेक्षित प्रगति न होने पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान कृषि विभाग को आवंटित 10 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक कोई ठोस प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने जनपद में कोल्ड स्टोरेज एवं कृषि आधारित औद्योगिक इकाइयों की स्थापना हेतु ठोस प्रयास किए जाने के निर्देश दिए।
आयुष विभाग के 100 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सम्बन्ध में बताया गया कि वर्तमान में जनपद में केवल दो फार्मेसी संचालित हैं, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा लक्ष्य को यथार्थपरक करते हुए पुनः निर्धारित (कम) किए जाने के निर्देश दिए गए।
गन्ना विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि कप्तानगंज क्षेत्र में एथनॉल फैक्ट्री का संचालन प्रस्तावित है, परंतु अन्य प्रगति अपेक्षित नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने पूर्व में गोरखपुर के एक व्यवसायी द्वारा उद्योग स्थापना के सम्बन्ध में की गई वार्ता का उल्लेख करते हुए, उन्हें पुनः मोटिवेट कर सहमति दिलाने हेतु जिला गन्ना अधिकारी को निर्देशित किया।
इसी क्रम में को-ऑपरेटिव, अतिरिक्त ऊर्जा, मेडिकल एजुकेशन, वन विभाग, जीएसटी, हैंडलूम एवं टेक्सटाइल्स, उद्यान विभाग, बैंकर्स, माध्यमिक शिक्षा, पर्यटन सहित अन्य विभागों के आवंटित लक्ष्यों की भी विधिवत समीक्षा की गई तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ लक्ष्यपूर्ति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि जनपद में किसी भी प्रकार की औद्योगिक इकाई की स्थापना पर जिला प्रशासन द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं, अनुदानों एवं योजनाओं का योजनावार व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इस संबंध में सभी माननीय जनप्रतिनिधिगणों को भी पत्र प्रेषित किए जाएं, ताकि उनके स्तर से भी निवेशकों को प्रोत्साहित किया जा सके।
डीएम की अपील
जिलाधिकारी ने जनपद के उद्यमियों, निवेशकों एवं व्यवसायिक संस्थाओं से अपील करते हुए कहा कि कुशीनगर जनपद में उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण, प्रशासनिक सहयोग, त्वरित स्वीकृतियाँ एवं शासन की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएं उपलब्ध हैं। इच्छुक निवेशक निर्भीक होकर आगे आएं, जिला प्रशासन उनके प्रत्येक स्तर पर सहयोग हेतु पूर्णतः तत्पर है, इस संबंध में कोई भी व्यक्ति कलेक्ट्रेट में व्यक्तिगत रूप से मिल सकता है, तथा उपायुक्त उद्योग के मोबाइल नम्बर 9415822959 से संपर्क कर योजनाओ के सम्बंध में पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन, जिला गन्ना अधिकारी हुदा सिद्दीकी, जिला कृषि अधिकारी डॉ0 मेनका,पर्यटन अधिकारी, प्राण रंजन, ए0आर0 को ऑपरेटिव नीरज कुमार, आबकारी अधिकारी, वरिष्ठ मत्स्य निरीक्षक, सहायक आयुक्त खाद्य सहित सभी सम्बन्धित उपस्थित रहे।