कार्तिक पूर्णिमा पर शिवाघाट में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
कार्तिक पूर्णिमा पर शिवाघाट में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
स्नान-ध्यान के बाद भोलेनाथ का किया दर्शन-पूजन, दीपदान से जगमगाया शिवाघाट; शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ मेला
अमिटरेखा – कृष्णा यादव
तमकुहीराज, कुशीनगर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर सेवरही नगर पंचायत स्थित प्राचीन शिवाघाट पर मंगलवार की सुबह आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। लाखों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पवित्र नदी में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान-ध्यान के बाद घाट स्थित भगवान भोलेनाथ के मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया तथा दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दान-पुण्य और दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते शिवाघाट पर दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही घाट पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में नजर आया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेवरही पुलिस प्रशासन पूरी रात मुस्तैद रहा। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि त्रिभुवन जायसवाल की ओर से घाटों की साफ-सफाई, सीढ़ियों पर प्रकाश व्यवस्था तथा रात्रि में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे।
मेले में धार्मिक आस्था के साथ-साथ खरीदारी का भी उत्साह देखने को मिला। विभिन्न क्षेत्रों से आए दुकानदारों ने आकर्षक ढंग से अपनी दुकानें सजाई थीं। मेले में पहुंचे लोगों ने जमकर खरीदारी की, जिससे दुकानदारों के चेहरे पर भी खुशी नजर आई।
पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत की व्यवस्थाओं के बीच कार्तिक पूर्णिमा का शिवाघाट स्नान मेला शांतिपूर्ण माहौल में सकुशल संपन्न हो गया। पूरे आयोजन के दौरान घाट पर श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला।