एफसीआई गोदाम लक्ष्मीपुर में व्यापारियों से धान खरीद का आरोप, किसान परेशान

Dec 17, 2025 - 11:51
 0
एफसीआई गोदाम लक्ष्मीपुर में व्यापारियों से धान खरीद का आरोप, किसान परेशान

एफसीआई गोदाम लक्ष्मीपुर में व्यापारियों से धान खरीद का आरोप, किसान परेशान

अमिट रेखा/ब्लॉक प्रभारी/नेबुआ नौरंगिया/अशोक कुमार मद्धेशिया 

नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के लक्ष्मीपुर स्थित एफसीआई गोदाम में तैनात धान क्रय केंद्र प्रभारी पर एक बार फिर व्यापारियों से धान खरीदने का आरोप सामने आया है। बताया जा रहा है कि पूर्व में पिकअप वाहनों से लाए गए व्यापारियों के धान की खरीद किए जाने का फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने तथा संबंधित विभाग में शिकायत के बाद कुछ दिनों तक व्यापारियों से खरीदारी बंद रही, लेकिन अब पुनः उनसे धान की खरीद शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार उक्त क्रय केंद्र प्रभारी का व्यापारियों से पुराना संबंध बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, पूर्व में पडरौना में तैनाती के दौरान भी व्यापारियों से धान खरीदने के आरोपों के चलते उनका तबादला किया गया था, लेकिन लक्ष्मीपुर में भी वही पुराना रवैया अपनाए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।
वहीं क्षेत्रीय किसानों का कहना है कि उनके धान की नियमित खरीद नहीं की जा रही है। किसानों का आरोप है कि क्रय केंद्र पर पहुंचने वाले उनके धान को रोक दिया जाता है, जबकि व्यापारियों के धान को बिना दोबारा तौल किए ही पहले उतरवाने की प्राथमिकता दी जा रही है। इससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है।
किसानों ने उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि सरकारी धान खरीद व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और वास्तविक किसानों को उनका हक मिल सके।