मन्दिर में घुसकर युवक ने की आत्महत्या, क्षेत्र में मचा हड़कंप
अमिट रेखा/भटनी/देवरिया
भटनी नगर पंचायत के रामपुर खुरहुरिया स्थित ठाकुर जी के मन्दिर में एक अज्ञात लगभग 28 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना उस समय हुई जब मन्दिर के पास मुहल्ले के कुछ युवक आपस में बातचीत कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक मन्दिर के बाहर बैठकर अपने मोबाइल से किसी से बात कर रहा था। बातचीत के दौरान वह अचानक मन्दिर का फाटक खोलकर भीतर चला गया।युवक ने मन्दिर के अंदर जंगले पर चढ़कर अपने बेल्ट का फंदा बनाया और मन्दिर में लगी कुण्डी से गले में कसकर झूल गया। थोड़ी देर बाद हल्की चीख सुनकर बाहर बैठे लोग मन्दिर के अंदर पहुंचे, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारा।
शव उतारते समय युवक की जेब में रखा मोबाइल लगातार बज रहा था, जिससे उसकी पहचान की संभावना जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मोबाइल पर संपर्क करने पर एक महिला बंगला भाषा में बात कर रही थी। आशंका है कि युवक रेलवे कार्य में लगे बंगाल के मजदूरों में से हो सकता है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है तथा युवक की शिनाख्त और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।