शिक्षा अभियान के तहत दिव्यांग छात्रों के लिए विशेष सहायता शिविर

Dec 14, 2025 - 17:11
 0
शिक्षा अभियान के तहत दिव्यांग छात्रों के लिए विशेष सहायता शिविर

शिक्षा अभियान के तहत दिव्यांग छात्रों के लिए विशेष सहायता शिविर

दिव्यांग बच्चों को संसाधन उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता : लल्लन

दुदही बीआरसी में समग्र शिक्षा अभियान के तहत दिव्यांग छात्रों के लिए विशेष सहायता शिविर

एलिम्को के सहयोग से 74 बच्चों को सहायक उपकरण मिला

अमिटरेखा/हारून अली/ फाजिलनगर/कुशीनगर 

बीएसए डा. रामजियावन मौर्य के निर्देशन में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को दुदही बीआरसी परिसर में दिव्यांग बच्चों हेतु विशेष सहायता उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य छह से 14 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे बच्चों को शिक्षण-अधिगम में सहयोग देना था, जिनकी शारीरिक, बौद्धिक, दृष्टि या वाक-श्रवण क्षमता में बाधा है।
कार्यक्रम में एलिम्को कानपुर की टीम ने लाभार्थियों को उपकरण उपलब्ध कराए। पडरौना, दुदही, विशुनपुरा, सेवरही, फाजिलनगर व तमकुही विकास खंडों से चयनित 74 बच्चों को ट्राईसाइकिल, बैसाखी, कैलीपर, व्हीलचेयर, ब्रेल किट, सुगम्य केन, एमआर किट (टीएलएम) व श्रवण यंत्र सौंपे गए। शिविर में पंजीकरण, वर्गीकरण व उपकरण परीक्षण की प्रक्रिया तकनीकी कर्मियों की सहायता से सुचारू रूप से की गई। मुख्य अतिथि प्रमुख प्रतिनिधि लल्लन गोंड ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के लिए सहायक उपकरण केवल सुविधा नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है जब सभी बच्चे बिना भेदभाव के सीखने के अवसर प्राप्त करें। अध्यक्षता कर रहीं बीईओ रीता गुप्ता ने कहा कि विभाग का लक्ष्य प्रत्येक दिव्यांग बच्चे तक उपयुक्त संसाधन पहुंचाना है, जिससे वे सामान्य बच्चों की तरह शिक्षा के मुख्य प्रवाह से जुड़े रहें। जिला समन्वयक समेकित शिक्षा शिवकुमार ने बताया कि इस प्रकार के शिविर बच्चों की प्रगति को गति देते हैं व सीखने की प्रक्रिया को सरल बनाते हैं। प्राशिंस अध्यक्ष अरुणेंद्र राय ने कहा कि समाज की संवेदनशीलता ही दिव्यांग बच्चों के भविष्य को मजबूत बनाती है। कार्यक्रम में विद्या सिंह, ओपी सिंह, मुनौव्वर अली ने अपने विचार साझा किए। संचालन रामेश्वर यादव ने किया। स्पेशल एजुकेटर बलवंत बहादुर, विजय कुमार चौधरी, भीम राव, बृजेश यादव, राजू यादव, उमेश जायसवाल, गिरिजेश राव, विक्रम यादव, योगेंद्र राम, संगीता मिश्रा, विकास पटेल, अब्दुल रहमान आदि उपस्थित रहे।