पडरौना में 23 जनवरी को एयर रेड एवं सिविल डिफेन्स मॉक ड्रिल का आयोजन
अमिट रेखा /प्रदीप कुमार श्रीवास्तव/ कुशीनगर
अपर जिलाधकारी वैभव मिश्रा ने बताया कि जनपद में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से दिनांक 23 जनवरी 2026 को प्रातः 06:00 बजे से 06:45 बजे तक एयर रेड एवं सिविल डिफेन्स मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। यह मॉक ड्रिल ब्लैक आउट स्थल—सुभाष चौक, पडरौना तथा उत्तर प्रदेश परिवहन निगम डिपो पडरौना (छावनी) में सम्पन्न होगी।
मॉक ड्रिल के दौरान युद्धकालीन परिस्थितियों में हवाई हमले की चेतावनी, ब्लैक आउट व्यवस्था, सुरक्षित निकासी, अग्निशमन, घायलों के बचाव, प्राथमिक उपचार तथा स्वास्थ्य शिविरों में उपचार जैसी गतिविधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा। अभ्यास का उद्देश्य नागरिकों को आपदा एवं युद्ध जैसी विषम परिस्थितियों में सुरक्षित रहने हेतु प्रशिक्षित करना तथा विभिन्न विभागों के मध्य आपसी समन्वय की प्रभावशीलता का परीक्षण करना है।
इस मॉक ड्रिल में पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, परिवहन विभाग, नगर निकाय, एनसीसी, एनएसएस, होमगार्ड, सिविल डिफेन्स, सूचना विभाग एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सहित अन्य संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता रहेगी।
अभ्यास के दौरान सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी, नागरिकों द्वारा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेना, आग बुझाने का प्रदर्शन, मलबे में फंसे लोगों का रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार तथा एम्बुलेंस के माध्यम से घायलों को अस्पताल पहुँचाने की प्रक्रिया का सजीव प्रदर्शन किया जाएगा। मॉक ड्रिल के अंत में अभ्यास की समाप्ति की घोषणा की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि मॉक ड्रिल के दौरान घबराएं नहीं, इसे केवल एक अभ्यास के रूप में देखें तथा प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियों को सहयोग प्रदान करें।