मिशन शक्ति 5.0 के तहत बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
अमिट रेखा /प्रदीप कुमार श्रीवास्तव /कुशीनगर
मिशन शक्ति के विशेष अभियान (फेज–5.0) के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने हेतु अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए संचालित अभियान के क्रम में आज जनपद के विकास खंड रामकोला में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन जनता इंटर कॉलेज, रामकोला में किया गया।
जिला प्रोवेशन अधिकारी डीसी त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम में हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन टीम के डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह द्वारा बाल विवाह विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए इसके सामाजिक, शैक्षिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी छात्र–छात्राओं को दी गई तथा उन्हें बाल विवाह न करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती प्रीति सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट द्वारा महिला कल्याण विभाग की विभिन्न लाभकारी योजनाओं जैसे— निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) आदि की जानकारी दी गई। वहीं वन स्टॉप सेंटर से मानस मिश्रा, काउंसलर द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन सेवाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया तथा श्रीमती बन्दना गुप्ता द्वारा विशेष दत्तक ग्रहण इकाई से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती बन्दना कुशवाहा, जेंडर स्पेशलिस्ट द्वारा प्रदेश में संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों— चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, महिला हेल्पलाइन 1090, 112, 108 एवं 102 के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए उनके उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित छात्र–छात्राओं एवं जनसमूह को बाल विवाह न करने एवं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग से श्री दिनेश कुमार (कम्प्यूटर ऑपरेटर), विद्यालय के प्रधानाचार्य नन्दलाल पाल, समस्त शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर किया गया।