नेताजी की जयंती पर विशेष: सामाजिक न्याय, समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता के पक्षधर रहे मुलायम सिंह यादव
कृष्णा यादव /तमकुहीराज, कुशीनगर। समाजवादी विचारधारा, सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती 22 नवंबर को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा श्रद्धापूर्वक मनाई जाती है। नेताजी ने डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों से प्रेरित होकर समाजवाद, सामाजिक समानता और धर्मनिरपेक्षता को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में रखने का प्रयास किया।
मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में एक साधारण किसान परिवार में हुआ था। पहलवानी और शिक्षण कार्य से जुड़े रहने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और वर्ष 1967 में पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। संघर्षपूर्ण राजनीतिक सफर के दौरान उन्होंने प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। 4 अक्टूबर 1992 को समाजवादी पार्टी की स्थापना कर सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों की राजनीतिक भागीदारी को अपना प्रमुख एजेंडा बनाया।
मुलायम सिंह यादव तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी भी निभाई। उनका राजनीतिक जीवन कई दशकों तक प्रदेश और देश की राजनीति में प्रभावशाली रहा। वह आठ बार विधायक, सात बार सांसद, तीन बार मुख्यमंत्री, एक बार रक्षा मंत्री और एक बार विधान परिषद सदस्य रहे।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के निर्देश पर 22 नवंबर को जयंती के अवसर पर पार्टी के सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में कार्यक्रम आयोजित कर नेताजी के संघर्ष, समाजवादी विचारधारा और जनसेवा के संदेश को संगोष्ठियों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। सैफई सहित विभिन्न जनपदों में श्रद्धांजलि सभाएं, विचार गोष्ठियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
नेताजी भारतीय भाषाओं के सम्मान और शिक्षा एवं प्रशासन में हिंदी सहित अन्य भारतीय भाषाओं के उपयोग के समर्थक रहे। अंग्रेजी के वर्चस्व को लेकर उन्होंने अपनी राजनीतिक विचारधारा के अनुरूप आवाज उठाई। रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने सैनिकों के सम्मान, कल्याण और देश की सुरक्षा से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी। उनके कार्यकाल में शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने की व्यवस्था को लेकर भी उनकी पहल को याद किया जाता है।
उनके राजनीतिक योगदान और सार्वजनिक जीवन के लिए वर्ष 2023 में उन्हें मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। एक साधारण किसान परिवार से निकलकर सत्ता के शीर्ष तक पहुंचने के कारण उन्हें समर्थकों के बीच ‘धरतीपुत्र’ के नाम से भी जाना जाता रहा। उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया के गैर-कांग्रेसवाद के विचार से प्रेरित होकर प्रदेश में कांग्रेस के विकल्प के रूप में मजबूत क्षेत्रीय राजनीति को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के बनरहां मोड़ स्थित सेलिब्रेशन लॉन में 22 नवंबर को जिला मुख्यालय पर व्यस्त कार्यक्रमों के चलते 23 नवंबर को स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई जाएगी। कार्यक्रम में समाजवादी विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने की संभावना है।