दो दिवसीय गृह विज्ञान परीक्षा: छात्राओं ने पकवानों के प्रदर्शनी से बटोरी सराहना
दो दिवसीय गृह विज्ञान परीक्षा: छात्राओं ने पकवानों के प्रदर्शनी से बटोरी सराहना
अमिट रेखा/ राजधारी प्रसाद
गोरखपुर। भटहट स्थित पटेल स्मारक इंटर कॉलेज में दो दिवसीय गृह विज्ञान प्रयोगात्मक परीक्षा उत्साह एवं रचनात्मकता के साथ सम्पन्न हुई। प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार पांडेय के निर्देशन और गृह विज्ञान विभाग की शिक्षिकाएँ श्रद्धा पाण्डेय, प्रियंका सिंह एवं ज्योति सिंह के मार्गदर्शन में कक्षा 10 की छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट पाक कौशल का प्रदर्शन किया। परीक्षा के दौरान विभिन्न समूहों में बंटकर छात्राओं ने घरों में बनने वाले पारंपरिक और लोकप्रिय व्यंजनों को स्वयं तैयार किया।
कक्षा 10 ए–2 की छात्राओं के विभिन्न समूहों ने शानदार प्रदर्शन किया। ग्रुप–1 की आंचल ने सेवई बनाकर परीक्षकों का दिल जीता। ग्रुप–2 की रिमांशी ने मिक्स पकौड़ी तैयार कर स्वाद का बेहतरीन नमूना पेश किया। ग्रुप–3 में सुजाता ने मोमोज बनाकर आधुनिक फास्टफूड की झलक दी, जबकि ग्रुप–4 में प्रियंका ने पारंपरिक बाटी–चोखा बनाकर परीक्षकों को खूब प्रभावित किया। ग्रुप–5 की ज्योति ने गुलाब जामुन बनाकर मिठास का स्वाद बढ़ाया।
कक्षा 10 ए–3 की छात्राओं ने भी अपने हुनर से सबको प्रभावित किया। ग्रुप–1 की अनुराधा ने खीर बनाकर अपनी कुकिंग स्किल्स का शानदार परिचय दिया। ग्रुप–2 में अंशिका ने मिक्स पकौड़ी तैयार की। ग्रुप–3 की नेहा ने समोसा और कॉफी बनाकर विविधता और प्रस्तुति कौशल का प्रदर्शन किया। ग्रुप–4 में महक ने मोमोज बनाए, जबकि ग्रुप–5 की करिश्मा ने छोला और नमकीन बनाकर स्वाद में चार चाँद लगा दिए।
केवल पाक कला ही नहीं, बल्कि गृह विज्ञान की रचनात्मकता को दर्शाते हुए सभी छात्राओं द्वारा आकर्षक मेजपोश बनाकर प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन ने सराहा।
परीक्षा का उद्देश्य छात्राओं में घरेलू कौशल, रचनात्मकता, स्वतंत्र कार्य क्षमता और प्रस्तुति शैली को विकसित करना था, जो इस आयोजन के माध्यम से सफलतापूर्वक प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षिकाओं का योगदान महत्वपूर्ण रहा।
विद्यालय परिवार ने सभी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्राओं के समग्र व्यक्तित्व विकास में अत्यंत सहायक होती हैं।