काकोरी के अमर बलिदानियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि

Dec 21, 2025 - 19:31
 0
काकोरी के अमर बलिदानियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि

काकोरी के अमर बलिदानियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि


अमिट रेखा/ विनीत कुमार 

गोरखपुर। काकोरी कांड के अमर बलिदानी पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफ़ाक़उल्ला ख़ान एवं ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान दिवस के अवसर पर 19 दिसंबर को गोरखपुर जिला कारागार स्थित पंडित राम प्रसाद बिस्मिल की तपोस्थली में श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति से  श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गुरु कृपा संस्थान, पंडित राम प्रसाद बिस्मिल बलिदानी मेला एवं खेल महोत्सव आयोजन समिति के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का आयोजन उसी ऐतिहासिक स्थल पर किया गया, जहां पंडित राम प्रसाद बिस्मिल ने अपने जीवन के अंतिम चार माह कारावास में व्यतीत किए थे। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक सुखना, वंदना एवं आरती के माध्यम से क्रांतिकारी वीरों को नमन किया। इसके उपरांत प्रतिभागी फांसी स्थल पर पहुंचे, जहां दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर राष्ट्र के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर सपूतों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। वातावरण “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के उद्घोष से गूंज उठा।

इस अवसर पर अखिल भारतीय क्रांतिकारी सम्मान संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने काकोरी के बलिदानियों के अद्वितीय साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करते हुए कहा कि इन महापुरुषों का जीवन आज भी देश के युवाओं के लिए पथ-प्रदर्शक है। उन्होंने कहा कि बिस्मिल, अशफ़ाक़उल्ला और रोशन सिंह ने धर्म, जाति और क्षेत्र से ऊपर उठकर केवल राष्ट्र को सर्वोपरि माना, जो आज के समय में भी उतना ही प्रासंगिक है।

कार्यक्रम के संयोजक एवं पंडित राम प्रसाद बिस्मिल बलिदानी मेला एवं खेल महोत्सव समिति के प्रणेता बृजेश राम त्रिपाठी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि काकोरी कांड के अमर बलिदानियों का जीवन साहस, अनुशासन, त्याग और राष्ट्रसेवा का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को इन क्रांतिकारियों के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। त्रिपाठी ने स्वतंत्रता संग्राम में इन वीरों के योगदान, उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

श्रद्धा और संकल्प के साथ संपन्न इस कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं, राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े लोगों एवं श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया, जिससे पूरे परिसर में देशभक्ति की भावना और अधिक प्रबल हो उठी।

इस अवसर पर जिला कारागार के जेल अधीक्षक डी.के. पांडे, जेलर अरुण कुमार कुशवाहा, पार्षद अशोक मिश्रा, हरि नारायणधर दुबे, अधिवक्ता शंकर शरण दुबे, पूर्व सैनिक रमेश मणि त्रिपाठी, अखिलेश त्रिपाठी, प्रदीप त्रिपाठी, देवेश आनंद सहित दर्जनों संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।