सिसवा में पिकअप-बाइक की भीषण भिड़ंत, एक युवक की मौत, दो गंभीर

Nov 11, 2026 - 17:59
Nov 11, 2026 - 18:03
 0
सिसवा में पिकअप-बाइक की भीषण भिड़ंत, एक युवक की मौत, दो गंभीर

सीएचसी मोड़ पर हुआ दर्दनाक हादसा, टक्कर के बाद पिकअप चालक फरार; परिवार में मचा कोहराम

अमिट रेखा / महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा बाजार में बुधवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सीएचसी मोड़ के समीप पिकअप और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और मृतक के परिवार में मातम छा गया।

         फाइल फोटो : हिमांशु सिंह, मृतक 

जानकारी के मुताबिक, 11 नवंबर को सुबह करीब 11:30 बजे पिकअप संख्या UP56BT1930 और बाइक संख्या UP56M4406 की सीएचसी मोड़ के पास जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने कुशीनगर जनपद के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सेखुई निवासी सुरेंद्र सिंह के 20 वर्षीय पुत्र हिमांशु सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के सबया उत्तर टोला निवासी राजेश चौहान के 20 वर्षीय पुत्र प्रदीप और रमेश के 20 वर्षीय पुत्र सागर की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

इस हृदयविदारक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। वहीं, दो युवकों की गंभीर हालत को लेकर परिजन और क्षेत्रीय लोग चिंतित हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।

टैग: सिसवा सड़क हादसा, महराजगंज न्यूज, कुशीनगर युवक की मौत, पिकअप बाइक भिड़ंत, कोठीभार पुलिस, सीएचसी सिसवा, सड़क दुर्घटना, ब्रेकिंग न्यूज, उत्तर प्रदेश समाचार।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र