बोर्ड परीक्षा 2026 : परीक्षा केन्द्रों से संबंधित ऑनलाइन आपत्तियों के निराकरण हेतु बैठक 11 दिसम्बर को
अमिट रेखा/ प्रदीप कुमार श्रीवास्तव/ कुशीनगर
जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार द्वारा अवगत कराया गया है कि सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद, उ०प्र० प्रयागराज एवं शासनादेश के अनुपालन में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा वर्ष 2026 हेतु ऑनलाइन प्रविधि से चयनित 143 परीक्षा केन्द्रों की सूची (छात्र आवंटन सहित) परिषद की वेबसाइट पर अधोहस्ताक्षरी के लॉगइन पर अपलोड की गई है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में कार्यालय के पत्र दिनांक 01.12.2025 समय के माध्यम से जनपद के समस्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रबन्धक, छात्र एवं अभिभावकों को यह अवगत कराया गया था कि चयनित परीक्षा केन्द्रों के संबंध में यदि कोई शिकायत/आपत्ति हो, तो निर्धारित प्रारूप पर युक्तियुक्त कारण एवं साक्ष्यों सहित 04.12.2025 तक ऑनलाइन आवेदन बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करें तथा उसकी हार्ड कॉपी सभी साक्ष्यों सहित जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में उपलब्ध कराएं।
शासन द्वारा निर्धारित तिथि तक प्राप्त सभी प्रत्यावेदनों/आपत्तियों के निराकरण हेतु जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में जनपदीय केन्द्र निर्धारण समिति की आवश्यक बैठक दिनांक 11.12.2025 को अपरान्ह 12:00 बजे, कलेक्ट्रेट सभागार, जिला मुख्यालय कुशीनगर में आयोजित की जाएगी।
उन्होंने वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं हेतु चयनित परीक्षा केन्द्रों से संबंधित ऑनलाइन प्रत्यावेदन/आपत्तियां दाखिल करने वाले सभी संबंधित प्रधानाचार्य एवं प्रबन्धक से अनुरोध किया है कि वे 11.12.2025 को अपरान्ह 01:00 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपनी-अपनी आपत्तियों का निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि समिति द्वारा अनुमोदित आख्या समय से परिषद कार्यालय को प्रेषित की जा सके।