पथरदेवा में तीन दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर का हुआ समापन
पथरदेवा में तीन दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर का हुआ समापन
अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया
आचार्य नरेंद्र इंटर कॉलेज पथरदेवा में शनिवार को आयोजित तीन दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन हुआ। समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सह जिला विद्यालय निरीक्षक निलेश पांडेय तथा विशिष्ट अतिथि आशुतोष दयाल मणि त्रिपाठी एवं कैप्टन हरिकेश बहादुर सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य इरशाद अहमद ने की।मुख्य अतिथि निलेश पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि स्काउट गाइड का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति का विकास करना है। इस प्रकार के प्रशिक्षण से छात्र-छात्राओं में आत्मनिर्भरता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा आपदा के समय सेवा करने की भावना सुदृढ़ होती है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में स्काउट गाइड जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।विशिष्ट अतिथियों ने भी शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में टीम भावना, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण होता है। प्रधानाचार्य इरशाद अहमद ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शिक्षकों, प्रशिक्षकों और छात्रों का आभार व्यक्त किया।शिविर में प्रशिक्षक के रूप में पिंटू लाल यादव, मैनेजर चौरसिया एवं रूबी कुमारी ने प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम में प्रवक्ता राजेश कुमार पांडेय, अजय कुमार प्रसाद, नवीन चंद शर्मा, डॉ. मिथिलेश ओझा, आशुतोष द्विवेदी, आदित्य श्रीवास्तव, धर्मेंद्र शर्मा,बृजेश यादव,रोहित कुमार, चंद्रमा यादव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। शिविर के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।