जवही दयाल में युवक पर लाठी-डंडों से हमला, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप; घायल जिला अस्पताल रेफर

Nov 24, 2026 - 13:14
 0
जवही दयाल में युवक पर लाठी-डंडों से हमला, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप; घायल जिला अस्पताल रेफर

पुराने विवाद को लेकर मारपीट का आरोप, घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस जांच पर टिकी निगाहें 

कृष्णा यादव, कुशीनगर/तरया सुजान। तरया सुजान थाना क्षेत्र के जवही दयाल गांव में पुराने विवाद को लेकर एक युवक की कथित रूप से लाठी-डंडों से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। मारपीट में घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पडरौना भेजे जाने की जानकारी है।

 मंदिर पर तार लगाने को लेकर हुआ था विवाद 

मिली जानकारी के अनुसार, जवही दयाल निवासी राकेश खरवार (पुत्र वीरेंद्र खरवार) को जवही दयाल छठ घाट के समीप कथित तौर पर कुछ लोगों ने घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में राकेश घायल हो गया, जिसके बाद परिजन व स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पडरौना ले गए।

बताया जा रहा है कि घटना से करीब तीन दिन पहले मंदिर पर तार टांगने को लेकर राकेश और अभिषेक के बीच विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश को मारपीट की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। मामले में मुकेश खरवार पुत्र परमेश्वर खरवार, विनोद पुत्र गम्हा खरवार तथा अभिषेक गम्हा खरवार पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

 वायरल वीडियो के बाद जांच की मांग तेज 

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित वीडियो में छठ घाट के समीप पुआल और सूखी घास के पास एक युवक जमीन पर गिरा दिखाई दे रहा है, जबकि कुछ युवक लाठी-डंडों से उसकी पिटाई करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता, घटना का पूरा क्रम और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

फिलहाल मामले में पुलिस जांच और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ग्रामीण क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र