सहजनवा की महिला का देवरिया रुद्रपुर सीएचसी के कर्मचारी आवास में बेड पर मिला शव, दहेज हत्या का आरोप

Oct 26, 2026 - 09:57
 0
सहजनवा की महिला का देवरिया रुद्रपुर सीएचसी के कर्मचारी आवास में बेड पर मिला शव, दहेज हत्या का आरोप
सहजनवा की महिला का देवरिया रुद्रपुर सीएचसी के कर्मचारी आवास में बेड पर मिला
शव, दहेज हत्या का आरोप
स्टाफ नर्स समेत तीन लोग हिरासत में, गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप; मायके वालों ने लगाया गला दबाकर हत्या करने का आरोप
अमिट रेखा/संतराज यादव/सहजनवा
गोरखपुर जिले के सहजनवा थाना क्षेत्र के चांदबारी गांव की रहने वाली 32 वर्षीय गुड़िया की देवरिया जिले के रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर स्थित कर्मचारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार को महिला का शव कमरे में बेड पर मिला। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में स्टाफ नर्स समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सहजनवा थाना क्षेत्र के चांदबारी गांव निवासी गुड़िया की शादी करीब पांच साल पहले देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र के करहकोल गांव निवासी चमन लाल विश्वकर्मा से हुई थी। दंपती की तीन वर्षीय बेटी जानवी है। गुड़िया वर्तमान में गर्भवती थी। उसकी ननद पूर्णिमा रुद्रपुर सीएचसी में स्टाफ नर्स के पद पर तैनात है। पूरा परिवार सीएचसी परिसर स्थित सरकारी कर्मचारी आवास में रहता था।
कमरे में बेड पर मिला शव
बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात करीब 12 बजे घटना हुई। रविवार रात करीब एक बजे पुलिस को पीआरवी-112 के माध्यम से सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को गुड़िया का शव कमरे में बेड पर मिला। महिला के गले और सिर पर चोट के निशान बताए गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
महिला की मौत की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग रुद्रपुर पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। रविवार सुबह आक्रोशित मायके वालों ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया और मामले में कार्रवाई की मांग की।स्टाफ नर्स समेत तीन हिरासत में पुलिस ने मामले में स्टाफ नर्स समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में चर्चा का माहौल है।