सहजनवा थाना क्षेत्र के ग्राम टेकुवा पाती टोला की निवासी कुसुम देवी (पत्नी चंदगी) की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। यह हादसा 29 जनवरी को सुबह करीब 10:30 बजे हुआ, जब कुसुम देवी यूको बैंक शाखा भीटी रावत जा रही थीं। भीटी रावत चौराहे पर फुट ओवर ब्रिज के पास एक तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही गाड़ी ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुसुम देवी सड़क पर गिर गईं और उनके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना को देखा, लेकिन वाहन चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। परिजन तुरंत कुसुम देवी को सहजनवा के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में उन्हें गोरखपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मैं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।