दीपदान की खुशियां मातम में बदलीं! चित्रकूट से लौट रहे चार श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, 12 घायल

Nov 9, 2026 - 09:13
 0
दीपदान की खुशियां मातम में बदलीं! चित्रकूट से लौट रहे चार श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, 12 घायल

अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : चित्रकूट/उत्तर प्रदेश। आस्था और श्रद्धा के साथ भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में दीपदान कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं की खुशियां रास्ते में ही मातम में बदल गईं। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली चित्रकूट से दीपदान कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर के पास अचानक ट्रैक्टर से ट्रॉली का हुक निकल गया। देखते ही देखते ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें सवार श्रद्धालु हादसे का शिकार हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली।

अधिकारियों के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर उपचार के लिए प्रयागराज रेफर किया गया है, जबकि सात घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

जिस यात्रा में श्रद्धालु दीपदान कर पुण्य और खुशियां लेकर अपने घर लौट रहे थे, उसी सफर ने चार परिवारों के जीवन में कभी न भरने वाला दुख दे दिया। हादसे की खबर से इलाके में शोक की लहर है।

एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र