पूर्वांचल की  शिक्षाविद दिव्या शाही का असामयिक निधन

Dec 7, 2025 - 17:27
Dec 7, 2025 - 17:28
 0
पूर्वांचल की  शिक्षाविद दिव्या शाही का असामयिक निधन

पूर्वांचल की  शिक्षाविद दिव्या शाही का असामयिक निधन

अमिट रेखा/ जितेन्द्र कुमार 

गोरखपुर। शहर की प्रतिष्ठित शिक्षाविद और समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली  दिव्या शाही के असामयिक निधन से  पूर्वांचल में गहरा शोक व्याप्त है। उनके निधन को शिक्षा जगत की अपूरणीय क्षति माना जा रहा है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं होगी। दिव्या शाही अपनी विनम्रता, कुशल नेतृत्व और शिक्षा के प्रति गहरे समर्पण के लिए जानी जाती थीं।

द पीलर्स पब्लिक स्कूल सिविल लाइंस  और द पीलर्स पब्लिक स्कूल, सिकटौर परिसरों में शोक की लहर फैल गई है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने दिवंगत आत्मा के प्रति भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने एक स्वर में कहा कि शाही मैडम की दूरदर्शिता, नेतृत्व क्षमता और शिक्षा को नई दिशा देने का उनका जुनून विद्यालय परिवार के लिए सदैव प्रेरणादायक रहेगा। उनके नेतृत्व में संस्थान ने शैक्षिक उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित किए थे।

शोकाकुल परिवार के प्रति शहरवासियों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। इस दुखद समय में शाही परिवार को संबल प्रदान करने के लिए नगर के विभिन्न शिक्षण संस्थान, समाजसेवी तथा शिक्षाविद लगातार प्रार्थना कर रहे हैं। सभी का कहना है कि दिव्या शाही का जाना केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की क्षति है।

दिव्या शाही की विद्वत्ता, सहृदयता, मानवीय व्यवहार और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए महत्वपूर्ण योगदानों को गोरखपुर नगर सदैव याद रखेगा। उन्होंने शिक्षा को केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और समाज सुधार का साधन माना। उनके आदर्श और कार्य आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।