पीडीए  की मजबूती के  साथ बूथ प्रबंधन पर फोकस

Dec 28, 2025 - 20:43
 0
पीडीए  की मजबूती के  साथ बूथ प्रबंधन पर फोकस

पीडीए  की मजबूती के  साथ बूथ प्रबंधन पर फोकस

अमिट रेखा/ राजधारी प्रसाद 

गोरखपुर/पिपराइच। समाजवादी पार्टी द्वारा पीडीए जन पंचायत एवं बीएलए का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के कंचनपुर स्थित उदय लॉन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम ने की। शिविर का उद्देश्य पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना रहा।
इस प्रशिक्षण शिविर में जिले के कुल आठ जोन से आए बूथ लेवल एजेंट  ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम ने सभी  बीएलए को एसआइआर फॉर्म के कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए बधाई देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बीएलए पार्टी की रीढ़ होते हैं और उनकी सजगता व सक्रियता से ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूती मिलती है।
अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष ने  पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक जन पंचायत की अवधारणा पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, अधिकार और सम्मान पहुंचाना है। पीडीए वर्ग की एकजुटता ही सामाजिक परिवर्तन का आधार बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव, बूथ-बूथ जाकर जनता से संवाद स्थापित करें और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
शिविर में बीएलए को चुनावी प्रक्रिया, मतदाता सूची की जांच, एसआइआर फॉर्म भरने की प्रक्रिया, बूथ प्रबंधन और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से कार्यकर्ताओं की शंकाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम में सभी विधानसभा अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी, बूथ प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे शिविर के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। अंत में संगठन को और मजबूत करने तथा पीडीए
जन पंचायत को जन आंदोलन का रूप देने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
यह प्रशिक्षण शिविर आगामी समय में समाजवादी पार्टी की जमीनी मजबूती और चुनावी तैयारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।