खेल महोत्सव में एम्स  का शानदार प्रदर्शन

Dec 25, 2025 - 18:05
 0
 खेल महोत्सव में एम्स  का शानदार प्रदर्शन

 खेल महोत्सव में एम्स  का शानदार प्रदर्शन

फुटबॉल में उपविजेता, शतरंज व टेबल टेनिस में पदक

अमिट रेखा/ जितेन्द्र कुमार 


गोरखपुर।अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) गोरखपुर के छात्रों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का उत्कृष्ट परिचय देते हुए AIIMS रायबरेली में आयोजित अंतर-महाविद्यालय खेल महोत्सव AFFINITY में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कीं। यह बहुप्रतीक्षित खेल महोत्सव 18 से 22 दिसंबर 2025 तक आयोजित हुआ, जिसमें रायबरेली सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों से लगभग 300 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
AFFINITY खेल महोत्सव में क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज सहित अनेक इनडोर व आउटडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। AIIMS गोरखपुर के छात्र-छात्राओं ने सभी प्रतियोगिताओं में अनुशासन, खेल भावना और टीमवर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का मान बढ़ाया।
प्रतियोगिता के दौरान AIIMS गोरखपुर के विद्यार्थियों ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ अपने नाम कीं। टेबल टेनिस (सिंगल्स) प्रतियोगिता में बैच 2022 के छात्र महेन्द्र जाट ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं शतरंज प्रतियोगिता में बैच 2024 के छात्र रामदेव ग्वाला ने रणनीतिक सोच और धैर्य का परिचय देते हुए तृतीय स्थान हासिल किया। फुटबॉल प्रतियोगिता में AIIMS गोरखपुर की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और उपविजेता बनकर लौटी।
छात्रों की इस उपलब्धि पर AIIMS गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता ने सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने पदक एवं सम्मान अर्जित कर संस्थान का नाम रोशन करने के लिए विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाते हैं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुणों का भी विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी लगन और उत्साह के साथ खेल एवं अध्ययन दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
AIIMS गोरखपुर अपने विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ खेलकूद एवं सह-पाठ्य गतिविधियों में निरंतर प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है। AFFINITY जैसे आयोजनों में छात्रों की सक्रिय भागीदारी संस्थान की समग्र विकास की सोच को दर्शाती है और आने वाले समय में इससे और बेहतर प्रतिभाओं के उभरने की उम्मीद की जा रही है।