महिला 7 दिन से ससुराल के दरवाजे पर बैठी, पति और ससुराल वाले घर में ताला लगाकर फरार, न्याय की मांग
अमिट रेखा /ओम प्रकाश यादव /रामकोला /कुशीनगर
स्थानीय थाना क्षेत्र के अमडरिया गांव में रेखा पत्नी अरविंद मद्देशिया नामक एक विवाहिता अपने ससुराल के दरवाजे पर पिछले सात दिनों से धरने पर बैठी है। महिला का आरोप है कि उसके पति और ससुराल वाले घर में ताला लगाकर फरार हो गए हैं परिजनों के अनुसार, रेखा की शादी 2022 में धूमधाम से हुई थी। शादी के तीन महीने बाद ही पति-पत्नी के बीच अनबन शुरू हो गई। इस विवाद को सुलझाने के लिए थाने में कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।महिला का कहना है कि उसे ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया है। अब वह अपने हक और घर में रहने की मांग को लेकर धरने पर अड़ी है। रात में अकेले सोने के कारण उसे डर लगता है।रेखा की मां पैरालिसिस की बीमारी से जूझ रही हैं, जबकि उसके पिता और भाई का निधन हो चुका है। ऐसे में महिला का कहना है कि उसका कोई सहारा नहीं है।हल्का दरोगा शुभम वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अपने स्तर पर फरार हुए परिजनों को ढूंढने का प्रयास कर रही है।रेखा अपने ससुराल के सामने बैठकर न्याय और अपने घर में रहने के अधिकार की मांग कर रही है |