दुर्घटना में बाइक सवार की मौत परिवार में मचा कोहराम
दुर्घटना में बाइक सवार की मौत परिवार में मचा कोहराम
चार साल पहले हुई थी शादी
पीछे छोड़ गया मासूम बेटी मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
अमिट रेखा जौनपुर
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जौनपुर-शाहगंज लुंबिनी मार्ग पर फरीदाबाद स्थित पेट्रोल पंप के सामने बुधवार सुबह पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के देवकली गांव निवासी 28 वर्षीय रंजीत सोनकर पुत्र स्वर्गीय रामचरन बुधवार सुबह करीब छह बजे अपनी बाइक से अकेले नई मंडी चौकियां स्थित फल मंडी जा रहे थे। इसी दौरान फरीदाबाद कारगिल पेट्रोल पंप के सामने वह पिकअप की चपेट में आ गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल रंजीत को स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रंजीत की शादी चार वर्ष पहले हुई थी। उनकी एक छोटी बेटी है। जवान बेटे की मौत की खबर सुनकर मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पत्नी बार-बार बेसुध हो जा रही है। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।
सरायख्वाजा थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पिकअप वाहन और उसके चालक को हिरासत में लिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।