अमेठी में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, 10 जुआरी गिरफ्तार; 30,650 रुपये नकद बरामद
मुसाफिरखाना में रामलीला मैदान के पीछे चल रहा था जुए का कथित खेल, 11 मोबाइल और ताश की गड्डी भी बरामद
अमिट रेखा /एस पी तिवारी/ अमेठी। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुसाफिरखाना पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 30,650 रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन, दो पर्स और 52 पत्तों की एक ताश की गड्डी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की जामातलाशी में भी 2,810 रुपये मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक सौरभ सिंह यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रामलीला मैदान के पीछे जल निगम की बाउंड्रीवॉल के अंदर सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे 10 लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिद्धार्थ कुमार, सूरज सोनी, शिवा कौशल, दिनेश कुमार, नीरज कुमार, विष्णु अग्रहरि, अनूप कुमार, अमित, तरंग कुमार और हर्ष अग्रहरि उर्फ शिवम मामा के रूप में हुई है। सभी मुसाफिरखाना कस्बे के अलग-अलग वार्डों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने जुए की फड़ से 30,650 रुपये, 11 मोबाइल फोन, दो पर्स, एक ताश की गड्डी और एक टॉर्च बरामद की। इसके अलावा आरोपियों की तलाशी में 2,810 रुपये नकद मिले।
इस मामले में थाना मुसाफिरखाना में मु0अ0सं0 284/26 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 4/13 में मुकदमा दर्ज कर पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सौरभ सिंह यादव, राजकुमार यादव, हामिद अली सहित हेड कांस्टेबल नीरज यादव तथा कांस्टेबल जावेद राईन, मुकेश मौर्य, कुलदीप सिंह और अभिषेक यादव शामिल रहे।