लखनऊ: यूपी के श्रमिकों को दिवाली से पहले मिली बढ़ी मजदूरी, 1 अक्टूबर से नई दरें लागू
अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने श्रमिकों को राहत देते हुए परिवर्तनीय महंगाई भत्ते (VDA) की संशोधित दरें निर्धारित की हैं। इसके तहत अकुशल, अर्द्धकुशल और कुशल श्रमिकों की मासिक मजदूरी में 174.25 रुपये से लेकर 238.39 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होकर 31 मार्च 2027 तक लागू रहेंगी।
तीन श्रेणियों में निर्धारित हुई मजदूरी
गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में अकुशल श्रमिकों की मासिक मजदूरी 13,883.59 रुपये, अर्द्धकुशल श्रमिकों की 15,271.41 रुपये और कुशल श्रमिकों की 17,106.39 रुपये निर्धारित की गई है।
अन्य नगर निगम वाले जिलों में अकुशल श्रमिकों को 13,189.68 रुपये, अर्द्धकुशल श्रमिकों को 14,507.46 रुपये और कुशल श्रमिकों को 16,250.86 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।
वहीं, प्रदेश के शेष जिलों में अकुशल श्रमिकों की मासिक मजदूरी 12,530.25 रुपये, अर्द्धकुशल श्रमिकों की 13,782.30 रुपये और कुशल श्रमिकों की 15,438.42 रुपये तय की गई है।
महंगाई सूचकांक के आधार पर संशोधन
श्रमिकों की मजदूरी की नई दरें जनवरी से जून 2026 के अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के औसत 431 अंकों के आधार पर तय की गई हैं। श्रम विभाग ने औद्योगिक इकाइयों और प्रतिष्ठानों को संशोधित न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, पहले से निर्धारित न्यूनतम मजदूरी से अधिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों की मौजूदा मजदूरी कम नहीं की जाएगी।