दिव्या सिंह बनीं माउंट एवरेस्ट बेस कैंप पर साइकिल से पहुंचने वाली भारत की पहली महिला।
दिव्या सिंह बनीं माउंट एवरेस्ट बेस कैंप पर
साइकिल से पहुंचने वाली भारत की पहली महिला।
अमिट रेखा संतराज यादव सहजनवा गोरखपुर
सहजनवा गोरखपुर।पिपरौली ब्लाक अंतर्गत क्षेत्र स्थित के ग्राम पंचायत बनौड़ा की निवासी दिव्या सिंह ने इतिहास रच दिया है। पेशे से अध्यापक और साइक्लिंग व ट्रैकिंग की शौकीन दिव्या ने 24 मार्च 2026 को विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप (ऊंचाई 17,560 फीट) पर साइकिल से पहुंचकर भारत की पहली और विश्व की दूसरी महिला बनने का गौरव हासिल किया। उस समय बेस कैंप पर तापमान -12 डिग्री सेल्सियस था।
इस साहसिक यात्रा का शुभारंभ 16 मार्च 2026 को काठमांडू से हुआ। दिव्या ने काठमांडू, सैलरी पार्क, नामचे बाजार, फिरचे, डिबोचे, लोबुचे और गोरखशेप जैसे कठिन रास्तों को पार करते हुए 14 दिनों में यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। रास्ते में खराब मौसम, लगातार बर्फबारी, बारिश, तेज ठंडी हवाओं और ऑक्सीजन की कमी जैसी कठिनाइयों ने इस यात्रा को बेहद चुनौतीपूर्ण बना दिया। कई बार उन्हें साइकिल को कंधे पर उठाकर ग्लेशियर पार करने पड़े।
इस साहसिक अभियान के लिए फ्लैग ऑफ कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन से किया गया, जिसमें जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह, डीसी मनरेगा रघुनाथ सिंह और डीपीआरओ निलेश प्रताप सिंह ने दिव्या को शुभकामनाएं दीं।
दिव्या ने अपने गाइड और कोच उमा सिंह के निर्देशन में यह यात्रा पूरी की। उन्होंने बताया कि हर दिन 10-12 घंटे साइकिल चलानी पड़ी, और ऑक्सीजन की कमी के कारण सांस फूलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। यह सफर जितना खूबसूरत था, उतना ही कठिन भी।
दिव्या की इस उपलब्धि ने न केवल गोरखपुर का नाम रोशन किया है, बल्कि देशभर की महिलाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया है। वही पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ लल्ला सिंह ने दिव्या सिंह को इस मुकाम को हासिल करने के लिए बधाई दिया है और आगे बढ़ने के लिए आशीर्वाद दिया ।