चक्रवात ‘अर्नब’ का यूपी में दिख सकता है असर, 29-30 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट

Oct 28, 2026 - 05:45
 0
चक्रवात ‘अर्नब’ का यूपी में दिख सकता है असर, 29-30 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वांचल और तराई के जिलों में मौसम बिगड़ने की आशंका, किसानों को सतर्क रहने की सलाह

अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : लखनऊ । बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 28 से 31 अक्टूबर के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 29 और 30 अक्टूबर को कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र के देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीर नगर, बस्ती, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, सीतापुर और लखीमपुर खीरी में मौसम प्रभावित होने की संभावना है। इसके अलावा आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, अयोध्या, पीलीभीत, बरेली और शाहजहांपुर में भी बारिश हो सकती है।

29 और 30 अक्टूबर को बढ़ सकती है बारिश

पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 अक्टूबर को चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के कई क्षेत्रों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। हालांकि, चक्रवात की दिशा और गति के आधार पर मौसम की स्थिति में बदलाव संभव है।

किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह

संभावित खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों तथा खुले स्थानों से दूर रहने की जरूरत है। किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए। लोगों से अपील है कि वे मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों पर नजर रखें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र