गेहूं की फसल में खरपतवार नियंत्रण हेतु कृषकों को कृषि विभाग की सलाह

Dec 22, 2025 - 19:01
 0

गेहूं की फसल में खरपतवार नियंत्रण हेतु कृषकों को कृषि विभाग की सलाह

अमिट रेखा /प्रदीप कुमार श्रीवास्तव /कुशीनगर 

जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ0 मेनका सिंह ने जनपद के समस्त कृषक बन्धुओं को अवगत कराया है कि वर्तमान समय रबी की प्रमुख फसल गेहूं की बुआई का अंतिम चरण है। बुआई के उपरान्त खेतों में विभिन्न प्रकार के खरपतवार उग आते हैं, जिससे गेहूं की फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तथा उत्पादन एवं उपज में कमी आती है। जिसे समय रहते खरपतवारों का नियंत्रण करना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि गेहूं की फसल में संकरी पत्ती वाले खरपतवारों के नियंत्रण हेतु सल्फोसल्फयूरान 75% डब्ल्यू.जी. की मात्रा 13.5 ग्राम + 500 एमएल तथा चौड़ी पत्ती वाले खरपतवारों के नियंत्रण हेतु मेटसल्फयूरान मिथाइल 20% डब्ल्यू.पी. की मात्रा 8 ग्राम + 200 एमएल अथवा 2,4-डी सोडियम साल्ट 80% की मात्रा 250 ग्राम को 150–200 लीटर पानी में घोलकर प्रति एकड़ की दर से प्रथम सिंचाई के पश्चात नमी की स्थिति में छिड़काव करें।
इसके अतिरिक्त संकरी एवं चौड़ी पत्ती वाले खरपतवारों के एक साथ नियंत्रण हेतु सल्फोसल्फयूरान 75% + मेटसल्फयूरान मिथाइल 5% डब्ल्यू.जी. की 16 ग्राम मात्रा को 150–200 लीटर पानी में घोलकर प्रति एकड़ की दर से छिड़काव करने की सलाह दी जाती है।
कृषक बन्धु अपनी फसल में कीट अथवा रोग से संबंधित किसी भी समस्या के निदान हेतु सहभागी फसल निगरानी एवं निदान प्रणाली के मोबाइल नम्बर 9452247111 एवं 9452257111 पर अपनी समस्या लिखते हुए अथवा कीट/रोग से प्रभावित पौधे की फोटो के साथ अपना नाम, विकास खण्ड एवं जनपद का नाम लिखकर SMS/WhatsApp के माध्यम से भेज सकते हैं। संबंधित समस्या का समाधान 48 घंटे के भीतर मोबाइल पर उपलब्ध करा दिया जाएगा।
अधिक जानकारी हेतु कृषक बन्धु अपने जनपद के जिला कृषि रक्षा अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।