कुशीनगर में किसानों का प्रदर्शन, गन्ना तौल में देरी से परेशान, मिल प्रशासन पर लापरवाही का लगाया आरोप

Dec 11, 2025 - 12:05
 0
कुशीनगर में किसानों का प्रदर्शन, गन्ना तौल में देरी से परेशान, मिल प्रशासन पर लापरवाही का लगाया आरोप

कुशीनगर में किसानों का प्रदर्शन, गन्ना तौल में देरी से परेशान, मिल प्रशासन पर लापरवाही का लगाया आरोप

अमिट रेखा/ शमसाद अंसारी/ कुशीनगर 

नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक क्षेत्र के बिहारी गांव स्थित पिपराइच चीनी मिल के बिहारी छपरा प्रथम तौल केंद्र पर मंगलवार सुबह गन्ना किसानों ने प्रदर्शन किया। किसानों का यह विरोध गन्ना तौल में लगातार हो रही देरी के कारण था, जिससे केंद्र पर जाम की स्थिति बन गई।किसानों ने बताया कि मिल शुरू हुए कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन तौल में अनियमितता के कारण उनकी परेशानी बढ़ गई है। समय पर तौल न होने से ट्रालियां खाली नहीं हो पा रही हैं, जिससे अगली फसल की बुवाई में भी देरी हो रही है। यह समस्या पिछले एक सप्ताह से बनी हुई है।
किसानों का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद किसी भी स्तर पर उनकी सुनवाई नहीं हुई है। सिरसिया बुजुर्ग के रामानंद मुख्तार सिंह, बाबूराम सिंह, मदन सिंह, नेशार, रामदयाल, मेहंदिया के दयाल यादव, भरत, खजुरी के लक्षण, सर्वेश और छोटे सहित कई गन्ना किसानों ने बताया कि उन्होंने मिल अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो पाई।
किसानों का अनुमान है कि गन्ना ढुलाई के लिए ट्रांसपोर्ट की कमी के कारण तौल में देरी हो रही है। हालांकि, उनका कहना है कि मिल प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही तौल व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो वे अपने आंदोलन को और तेज करेंगे।