8वें बैच कॉन्स्टेबल का दीक्षांत परेड समारोह सम्पन्न 

Dec 17, 2025 - 11:37
 0
8वें बैच कॉन्स्टेबल का दीक्षांत परेड समारोह सम्पन्न 

8वें बैच कॉन्स्टेबल का दीक्षांत परेड समारोह सम्पन्न 

अमिट रेखा/ राकेश तिवारी 

गोरखपुर। प्रशिक्षु प्रशिक्षण केन्द्र, सशस्त्र सीमा बल, गोरखपुर के परेड मैदान में  मुख्य अतिथि  एम.आर. नायक, महानिरीक्षक (प्रचालन), बल मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल, नई दिल्ली के गरिमामयी उपस्थिति में 28वें बैच कॉन्स्टेबल (जीडी)  का  दीक्षांत परेड समारोह सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने पासआउट होने वाले सभी 343 नवप्रशिक्षित रिक्रूट्स को सशस्त्र सीमा बल में उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन तथा उत्कृष्ट प्रशिक्षण का लाभ आम जनता और सीमा क्षेत्र की सुरक्षा के लिए समर्पित करने का आह्वान किया।  
कार्यक्रम के दौरान परेड कमांडर नवआरक्षी अनीश कुमार प्रजापति के अनुरोध पर मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया, सलामी, आकर्षक मार्च-पास्ट तथा विभिन्न प्रकार के डेमो का प्रभावी प्रदर्शन किया गया, जिससे प्रशिक्षणार्थियों की शारीरिक क्षमता, सामरिक दक्षता एवं मानसिक दृढ़ता का प्रत्यक्ष परिचय प्राप्त हुआ। नवप्रशिक्षित जवानों द्वारा प्रस्तुत अलग अलग विधाओं के डेमो कार्यक्रमों में राष्ट्रप्रेम, सशस्त्र सीमा बल की गौरवशाली परंपराओं का सशक्त चित्रण किया गया।  
अपने संबोधन मे मुख्य अतिथि ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल भारत-नेपाल एवं भारत-भूटान सीमाओं पर तैनात एक महत्वपूर्ण बल है, जो इन क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा, भ्रातृत्व एवं सद्भावना को सुदृढ़ बनाये रखने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने बल की बहुआयामी जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए बताया कि सीमा प्रबंधन के साथ-साथ आंतरिक सुरक्षा, आपदा राहत, नागरिक सहायता, खेल, साहसिक गतिविधियों एवं सामुदायिक विकास कार्यों में भी सशस्त्र सीमा बल ने सदैव उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।  
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत रिक्रूट्स को हथियार संचालन, फील्ड क्राफ्ट, सामरिक कौशल, शारीरिक प्रशिक्षण, सीमा प्रबंधन, कानून एवं व्यवस्था, मानवाधिकार, कंप्यूटर व संचार, प्राथमिक चिकित्सा, खेल-कूद, योगाभ्यास तथा अन्य आउटडोर एवं इनडोर विषयों का गहन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान आयोजित विशेष एक्सरसाइज तथा आउटडोर एक्टिविटीज के माध्यम से रिक्रूट्स को सीमा क्षेत्र की वास्तविक चुनौतियों, मौसम, भौगोलिक परिस्थितियों एवं स्थानीय सामाजिक-सांस्कृतिक परिवेश से परिचित कराया गया, जिससे वे भविष्य में अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक दक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ कर सकें।  
समारोह के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट्स को विभिन्न श्रेणियों में ट्रॉफी पदक प्रदान किये गये।
ऑल ओवर बेस्ट प्रशिक्षु- अनीश कुमार प्रजापति 
बेस्ट फिजिकल फिटनेस प्रशिक्षु- आर्यन परमार 
बेस्ट फायरर  प्रशिक्षु- अभय देवेन्द्र विरधी 
बेस्ट स्पोर्ट्स प्रशिक्षु- प्रदीप कुमार
बेस्ट आउटडोर प्रशिक्षु- गौरव कुमार
बेस्ट इनडोर प्रशिक्षु- रवीन्द्र नागप्पा हरिजन
बेस्ट ड्रिल और टर्नआउट- विपुल कुमार 
बेस्ट  प्रशिक्षक- मुख्य आरक्षी- श्याम कुमार पौडेल
उपरोक्त कार्यक्रम में गोरखपुर के महापौर मंगलेश कुमार श्रीवास्तव,  एस. चन्नप्पा भा.पु.से. उप महानिरीक्षक गोरखपुर,ब्रिगेडियर परिमल भारती, एनसीसी, डॉ. डी.  के.  मिश्रा, उप महानिरीक्षक, सयुंक्त चिकित्सालय, श्री मुन्ना सिंह, उप महानिरीक्षक, क्षेत्रक मुख्यालय गोरखपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, सेवानिवृत्त कार्मिक सामाजिक कार्यकर्ता, राष्ट्रीय और स्थानीय इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया कर्मी उपस्थित थेl