72 घंटे में खुला सर्राफा लूटकांड का राज, पुलिस मुठभेड़ में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार

Nov 10, 2026 - 08:09
 0
72 घंटे में खुला सर्राफा लूटकांड का राज, पुलिस मुठभेड़ में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार

अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : सीतापुर। थाना संदना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25-25 हजार रुपये के इनामी दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए सोने के आभूषण, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इरफान और दीपक सिंह के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 25 ग्राम सोने के आभूषण और लूट के 31 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त अपाचे बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के पास से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस भी बरामद किए हैं।

बताया गया कि पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर संदना थाना पुलिस और एसओजी टीम लूटकांड के खुलासे के लिए लगातार प्रयासरत थी। इसी क्रम में पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों इनामी अभियुक्तों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की इस कार्रवाई को सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की घटना के खुलासे में बड़ी सफलता माना जा रहा है। महज 72 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई का संदेश दिया है।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र