23 दिसम्बर को जनपद में आयोजित होगा किसान सम्मान दिवस
अमिट रेखा /प्रदीप कुमार श्रीवास्तव/ कुशीनगर
उप कृषि निदेशक अर्तीन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर दिनांक 23 दिसम्बर 2025 को जनपद कुशीनगर में किसान सम्मान दिवस का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत सभागार, रविन्द्रनगर, कुशीनगर में सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन योजनान्तर्गत जनपद स्तरीय किसान मेला/गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं सम्बद्ध विभागों—जैसे उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, रेशम एवं गन्ना विभाग—के अंतर्गत जनपद में उत्कृष्ट उत्पादन करने वाले कृषकों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही कृषि एवं सम्बद्ध विभागों द्वारा विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से कृषकों को नवीन कृषि तकनीकों, योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
उप कृषि निदेशक ने जनपद के समस्त कृषक बन्धुओं से अपील की है कि वे किसान सम्मान दिवस में प्रतिभाग कर कृषि विशेषज्ञों एवं वैज्ञानिकों द्वारा दी जाने वाली उपयोगी जानकारियों का लाभ उठाएं तथा प्रदर्शनी स्टॉल का अवलोकन कर आधुनिक एवं लाभकारी कृषि पद्धतियों से अवगत हों।