शादी कहीं और तय हुई तो उजड़ गई रोशनी की जिंदगी

Oct 28, 2026 - 14:02
Oct 28, 2026 - 14:15
 0
शादी कहीं और तय हुई तो उजड़ गई रोशनी की जिंदगी
शादी कहीं और तय हुई तो उजड़ गई रोशनी की जिंदगी

हाटा के बेलवा सुदामा गांव में सनसनीखेज वारदात, युवती की हत्या से मचा कोहराम; आरोपी युवक भी गंभीर रूप से घायल

अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : हाटा, कुशीनगर। जिस घर में कभी खुशियों और एक नई जिंदगी के सपने संजोए जा रहे थे, वहां मंगलवार की शाम चीख-पुकार मच गई। हाटा कोतवाली क्षेत्र के बेलवा सुदामा गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। आरोप है कि प्रेम संबंध में तनाव और युवती का विवाह दूसरी जगह तय होने से नाराज एक युवक ने घर में घुसकर रोशनी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम छा गया।

शादी की बात बनी विवाद की वजह

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोशनी पुत्री मलहम और गांव के एक युवक के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि रोशनी का विवाह दूसरी जगह तय हो गया था। इसी बात को लेकर युवक नाराज था। आरोप है कि वह रोशनी को अपने साथ ले जाना चाहता था, लेकिन युवती इसके लिए तैयार नहीं थी। मंगलवार शाम इसी विवाद के बीच युवक कथित तौर पर उसके घर पहुंचा और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गले पर गंभीर चोट लगने से रोशनी की मौत हो गई।

मां की आंखों के सामने उजड़ गई दुनिया

रोशनी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उसकी मां के अनुसार, उनके पति सऊदी अरब में रहते हैं। उन्होंने बताया कि रोशनी अपनी शादी तय होने के बाद होने वाले पति से बातचीत करती थी, जिससे आरोपी युवक नाराज रहता था। मां का आरोप है कि युवक उनकी बेटी को अपने साथ ले जाना चाहता था, लेकिन विरोध करने पर उसने रोशनी की हत्या कर दी। बेटी को खोने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरोपी की पिटाई, गांव में पुलिस तैनात

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने कथित आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत भी नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी

वारदात की सूचना मिलते ही एसपी केशव कुमार, एएसपी सिद्धार्थ वर्मा और सीओ कसया डॉ. अजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

रोशनी की मौत ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। फिलहाल, पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र