महिला प्रत्याशी के पोस्टर फाड़ने की साजिश
महिला प्रत्याशी के पोस्टर फाड़ने की साजिश
पथरदेवा वार्ड-2 उत्तरी में चुनावी माहौल तनावपूर्ण
अमिट रेखा/पथरदेवा/देवरिया
पथरदेवा क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 (उत्तरी) में चुनावी सरगर्मी के बीच अराजकता फैलाने की कोशिशें खुलकर सामने आ रही हैं। वार्ड से चुनाव मैदान में उतरी महिला प्रत्याशी साहिदा खातून उर्फ जोया खान के पोस्टर और बैनर लगातार फाड़े जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
इस घटना से न सिर्फ समर्थकों में आक्रोश है, बल्कि आम ग्रामीणों के बीच भी यह सवाल उठ रहा है कि आखिर एक महिला प्रत्याशी से कौन और क्यों डर रहा है।घटना पर कड़ा ऐतराज जताते हुए जोया खान ने विरोधियों पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा और जनसेवा के संकल्प के साथ चुनावी मैदान में उतरी हैं।जोया खान ने कहा,
मेरा उद्देश्य समाज के दबे-कुचले लोगों की आवाज़ बनना और उन्हें उनका हक दिलाना है। लेकिन कुछ लोगों को एक महिला का आगे बढ़ना रास नहीं आ रहा। जो लोग विचार और काम के दम पर मुकाबला नहीं कर पा रहे, वे अब पोस्टर फाड़कर अपनी कुंठा निकाल रहे हैं।
वार्ता के दौरान जोया खान ने कहा कि न डरूंगी, न पीछे हटूंगी आगे विरोधियों को खुली चुनौती देते हुए दो टूक कहा कि इस तरह की ओछी हरकतें उनके हौसले को कमजोर नहीं कर सकतीं। उन्होंने आगे कहा,
“यह समाज की बेटी न तो डरेगी और न ही पीछे हटेगी। पोस्टर फाड़कर मुझे नुकसान पहुंचाने की सोच रखने वालों की यह सबसे बड़ी भूल है। मैं आखिरी सांस तक जनता की सेवा के लिए मजबूती से खड़ी रहूंगी।
लगातार हो रही इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लोकतंत्र में विचारों की लड़ाई होनी चाहिए, न कि डर और दबाव की राजनीति। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।