महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के लिये गर्व का पल, पांच छात्रों का खेल कोटे से पुलिस विभाग मे चयन
महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के लिये गर्व का पल, पांच छात्रों का खेल कोटे से पुलिस विभाग मे चयन
चार छात्रा और एक छात्र का हुआ चयन,विद्यालय परिवार ने किया सम्मानित
अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया
क्षेत्र के महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज, कुर्मीपट्टी के लिए शनिवार का दिन गर्व और खुशी लेकर आया, जब विद्यालय की फुटबॉल टीम के चार छात्राओं और एक छात्र का उत्तर प्रदेश पुलिस में खेल कोटे से चयन हुआ। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने सम्मान समारोह आयोजित कर चयनित खिलाड़ियों का अभिनंदन किया।
विद्यालय के जिन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन हुआ है, उनमें सुष्मिता विश्वकर्मा, सोनाक्षी सिंह, मुस्कान खान, फरीदा तथा छात्र अनश शेख शामिल हैं। ये सभी लंबे समय से विद्यालय की फुटबॉल टीम के सक्रिय खिलाड़ी रहे हैं और खेल मैदान में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते आ रहे हैं। चयन की सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल बन गया।
सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा जिला पंचायत सदस्य सुजीत प्रताप सिंह ने चयनित खिलाड़ियों को फूल-माला, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत निरंतर हो और आत्मविश्वास मजबूत हो, तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित करता है।
प्रधानाचार्य हरेंद्र सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि संसाधनों की कमी कभी प्रतिभा की राह नहीं रोक सकती। सफलता के लिए केवल लगन, मेहनत और सही मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है।
खेल शिक्षक जय कुमार राव ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल में नियमित अभ्यास, अनुशासन और संस्कार के साथ मेहनत करने वाले विद्यार्थी निश्चित रूप से अपने लक्ष्य को प्राप्त करते हैं।
इस अवसर पर संरक्षक राजेंद्र सिंह,प्रधानचार्य हरेंद्र सिंह,ग्राम प्रधान अजीत सिंह,जितेंद्र सिंह,भीम यादव,सलाउद्दीन खान,मकसूद आलम,वीर प्रताप सिंह,अजय प्रताप सिंह,विवेक श्रीवास्तव, सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने चयनित खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।