डकैती की योजना बनाते 6 महिला सहित 7 अभियुक्त गिरफ्तार

Jan 4, 2026 - 17:19
 0
डकैती की योजना बनाते 6 महिला सहित 7 अभियुक्त गिरफ्तार

डकैती की योजना बनाते 6 महिला सहित 7 अभियुक्त गिरफ्तार

अमिट रेखा/ संत राज यादव


गोरखपुर।थाना कैण्ट पुलिस ने डकैती व चोरी की योजना बनाते हुए छह महिला अभियुक्ताओं सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक चार पहिया वाहन समेत डकैती में प्रयुक्त किए जाने वाले विभिन्न आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त विभिन्न जनपदों के धार्मिक व पर्यटक स्थलों पर जाकर अकेली व आभूषणधारी महिलाओं को निशाना बनाते थे। ये लोग पहले से योजना बनाकर महिलाओं को बहला-फुसलाकर वाहन में बैठाते और डर दिखाकर उनके कीमती आभूषण उतरवा लेते थे। इसके बाद पीड़ित महिलाओं को किसी सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो जाते थे।
कई मामलों में अभियुक्त ऑटो रिक्शा या टेंपो में सवार होकर महिलाओं के पास बैठ जाते थे और सेफ्टी पिन या नुकीली वस्तु चुभाने अथवा प्लास्टिक के सांप-छिपकली दिखाकर उनका ध्यान भटकाते थे। इसी दौरान आभूषण चोरी कर लेते थे।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 09 सेफ्टी पिन, 04 छोटे चाकू, 01 छोटी कैंची, 02 प्लास्टिक की रस्सी, 01 प्लास्टिक का सांप, 01 प्लास्टिक की छिपकली तथा एक चार पहिया वाहन बरामद किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मऊ, जौनपुर और सुलतानपुर जनपद के निवासी शामिल हैं। इस मामले में थाना कैण्ट पर मु0अ0सं0 02/2026 धारा 310(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य घटनाओं से जुड़े सुराग भी खंगाल रही है।