निजी भूमि पर जबरन खण्डजा लगाने का आरोप
अमिट रेखा/ संत राज यादव
गोरखपुर । सहजनवा ब्लाक के जगदीशपुर में निर्माणाधीन खड़ंजा सड़क विवाद में घिर गई है। रघुनंदन पुत्र रमाशंकर ने जिम्मेदारों पर जबरन निजी भूमि में खड़ंजा लगाने का आरोप लगाया है। रघुनंदन ने अफसरों से शिकायत कर भूमिधरी को बचाने की गुहार लगाई है।
सहजनवा ब्लाक के ग्राम पंचायत जगदीशपुर में वर्तमान समय में ग्राम
पंचायत निधि से खड़ंजा रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क पर कुछ दूरी तक खड़ंजा के लिए ईंट भी बिछा दी गई है लेकिन निर्माणाधीन कार्य विवाद से घिर गया है। गांव निवासी किसान रघुनंदन पुत्र रमाशंकर ने बीडीओ और एसडीएम को शिकायती पत्र दिया है। पीड़ित का आरोप है कि खेत के बगल से एक दस कड़ी का चकरोड़ नक्शा में दिखा रहा है। वर्तमान समय में ग्राम प्रधान की तरफ से क्षेत्र पंचायत निधि से मिले धन से चकरोड़ पर खड़ंजा लगाया जा रहा है लेकिन इसमें काफी मनमानी की जा रही है। आरोप है कि किसान के खेत में बढ़ कर अधिक भूमि पर खड़ंजा का निर्माण किया जा रहा है, जबकि दूसरे तरफ से खेत में थोड़ा सा भी कार्य नहीं हो रहा है। मना करने पर कोई सुनने को तैयार नहीं हो रहा है। किसान ने अफसरों को दिए शिकायती पत्र में निजी भूमि से खड़ंजा हटाने की मांग रखी है। प्रधान प्रतिनिधि वशिष्ठ मुनि उर्फ गुड्डू उपाध्याय ने कहा कि चकरोड़ पर पहले से मिट्टी डाली गई है, उसी जगह पर खड़ंजा का निर्माण किया जा रहा है। बीडीओ सत्यकाम तोमर ने कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी।