जूनियर–सब-जूनियर खेलों में प्रतिभाओं का दमखम
कुश्ती में शुभम यादव विजेता, कबड्डी ट्रॉफी रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम के नाम
अमिट रेखा/विनीत कुमार
गोरखपुर। 322 विधानसभा शहरी क्षेत्र के अंतर्गत जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस बहुआयामी खेल महोत्सव में एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबाल, जूडो और कुश्ती जैसी प्रमुख प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। आयोजन वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में हुआ, जहां खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिताओं के दौरान सबसे अधिक रोमांच कुश्ती मुकाबलों में देखने को मिला। कुश्ती प्रतियोगिता के फाइनल में बिछिया के शुभम यादव और अनुराग के बीच कांटे की टक्कर हुई। दोनों पहलवानों ने दमदार दांव-पेंच दिखाए, लेकिन अंततः शुभम यादव ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया और विजेता का खिताब हासिल किया। उनकी जीत पर खेल प्रेमियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम और नीना थापा टीम के बीच खेला गया। तेज रफ्तार और रणनीतिक खेल से भरपूर इस मुकाबले में रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वॉलीबाल, जूडो और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “जीवन में सफलता का हर मार्ग खेल से होकर गुजरता है। खेल न केवल शारीरिक विकास करता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है।” मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में वार्ड स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में मंत्री डॉ. संजय निषाद, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद यादव, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, सांसद रवि किशन, विधायक विपिन सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, एमएलसी ध्रुव कुमार, महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी, खेल निदेशक आर.पी. सिंह, क्षेत्रीय खेल अधिकारी आविद हैदर, कुश्ती संघ गोरखपुर के अध्यक्ष दिनेश सिंह, प्रदीप शुक्ला, राजेश त्रिपाठी सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन गोरखपुर को खेल प्रतिभाओं की नई पहचान दिलाएंगे और प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव दिलाने वाले खिलाड़ी तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगे।