मुंबई कमाने गए युवक की हुई मौत, परिवार में मातम
अमीट रेखा/अजीत मिश्र/सिसवा नाहर/कुशीनगर
परिवार को आर्थिक संकट से उबारने गए, सलेमगढ़ के युवक की मुंबई में अचानक मौत की सूचना मिलने से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिवार के सभी स्वजन बिलख बिलख कर रो रहे हैं। परिवार पर दुख का पहाड़ गिर गया है। मुहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
सलेमगढ़ पैठानी टोला के निवासी भोला यादव का बड़ा पुत्र 22 वर्षीय अमरजीत यादव परिवार की आर्थिक स्थिती ठीक करने तीन माह पूर्व मुंबई के जूहु इलाके में काम करने गया।जो ठेले पर नारियल का जूस व फल आदि बेचने का काम करता था। रोज की भांति मंगलवार को दिनभर काम करने बाद सांयकाल अपने गांव के साथियों के साथ खाना खाकर सोने गया तो सिर में दर्द होने की बात बताई। साथियों ने दवा लाकर दिया तो सो गया। दूसरे दिन सुबह 6 बजे साथियों ने जगाने की कोशिश किया लेकिन उसकी सोने के दौरान ही मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना जब सभी साथियों को हुई तो सभी अवाक थे।जिसकी सूचना मृतक के घर पर दिया तो परिवार में कोहराम मच गया।सभी स्वजन बिलख बिलख कर रोने लगे। मृतक दो भाईयों में से सबसे बड़ा था।घर की माली हालत ठीक नहीं होने के कारण मुंबई कमाने गया था। मृतक के माता-पिता सहित दो छोटी बहनें भी है।अभी वह अविवाहित था। पिता ने कहा कि परिवार को बहुत बड़ी मानसिक पीड़ा पहुंची है उबरना मुश्किल है।
वहीं दूसरी ओर परिवार की आर्थिक स्थिती ठीक न होने के कारण मृतक के स्वजनों की अनुमति से गांव के साथियों ने मुंबई में अंतिम क्रिया को संपन्न कर दिया।