यूपी में बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों के तबादले की तैयारी, जिलों से मांगा गया ब्योरा
20 से अधिक आईपीएस अधिकारियों समेत सिपाही से एएसपी स्तर तक के करीब दो हजार पुलिसकर्मियों के तबादले की चर्चा
अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादलों की तैयारी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, डीजीपी मुख्यालय ने सभी पुलिस कमिश्नरेट और जिलों से पुलिसकर्मियों की तैनाती से संबंधित विवरण मांगा है। इसमें तीन साल या उससे अधिक समय से एक ही स्थान पर तैनात पुलिसकर्मियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है।
प्रस्तावित तबादला सूची में 20 से अधिक आईपीएस अधिकारियों के नाम शामिल होने की चर्चा है। इसके अलावा सिपाही से लेकर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) स्तर तक के करीब दो हजार पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि तबादलों की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए स्क्रीनिंग कमेटी गठित की जा सकती है। गृह जिले में तैनात पुलिसकर्मियों को भी स्थानांतरित करने पर विचार किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, जिन पुलिसकर्मियों के खिलाफ विशिष्ट शिकायतें मिली हैं या जिन पर राजनीतिक दलों के प्रति पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने के आरोप हैं, उनके मामलों की भी समीक्षा की जा सकती है।
हालांकि, तबादलों को लेकर अंतिम निर्णय और आधिकारिक आदेश जारी होने की पुष्टि के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।