रुद्रपुर सीएचसी में महिला की हत्या के मामले में मुठभेड़ के दौरान एक वांछित गिरफ्तार, दूसरा फरार
रुद्रपुर सीएचसी में महिला की हत्या के मामले में मुठभेड़ के दौरान एक वांछित गिरफ्तार, दूसरा फरार
गिरफ्तार आरोपी के पैर में लगी गोली, पुलिस ने असलहा बरामद करने का किया दावा
अमिट रेखा/ब्यूरो देवरिया
देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के कर्मचारी आवास में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात हुई मुठभेड़ में आरोपी रामअशीष यादव के बाएं पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर किया गया है। वहीं, बाइक सवार दूसरा आरोपी नरेश यादव फरार हो गया।पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, रुद्रपुर पुलिस अवस्थी चौराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस का आरोप है कि पीछा किए जाने पर बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। ग्राम शिहोरचक के पास दोनों बाइक से गिरकर भागने लगे। इस दौरान रामअशीष यादव ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर दोबारा गोली चलाई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से असलहा बरामद करने की बात कही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामअशीष यादव पुत्र स्व. रमाकांत यादव, निवासी छपरा, थाना गगहा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह महिला की हत्या के मामले में विवेचना के दौरान प्रकाश में आया वांछित आरोपी था।
तीन लाख रुपये की सुपारी लेने का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रामअशीष यादव ने महिला की हत्या की साजिश में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने तीन लाख रुपये में हत्या की सुपारी मिलने तथा ढाई लाख रुपये पहले प्राप्त करने की बात कही। शेष 50 हजार रुपये लेने के लिए वह अपने साथी के साथ जा रहा था। पुलिस इन बयानों के आधार पर मामले की विवेचना कर रही है।गौरतलब है कि 25 अक्टूबर को सीएचसी रुद्रपुर परिसर स्थित कर्मचारी आवास में गुड़िया विश्वकर्मा का शव मिला था। इस मामले में मृतका की मां की तहरीर पर चमनलाल विश्वकर्मा, अभिमन्यु विश्वकर्मा, उर्मिला देवी और पूर्णिमा विश्वकर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, मामले में फरार आरोपी नरेश यादव की तलाश की जा रही है। प्रकरण में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।