बीएचयू में कथक नृत्य के बनारस घराने पर केंद्रित पाँच दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

Oct 26, 2026 - 21:51
Oct 26, 2026 - 22:09
 0
बीएचयू में कथक नृत्य के बनारस घराने पर केंद्रित पाँच दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक : वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के संगीत एवं मंचकला संकाय के नृत्य विभाग द्वारा 26 से 30 अक्टूबर 2026 तक कथक नृत्य के बनारस घराने की समृद्ध परंपराओं, विशिष्ट विशेषताओं, तकनीकों एवं सौंदर्यबोध पर केंद्रित पाँच दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर नृत्य विभाग की विभागाध्यक्षा डॉ. दीपान्विता सिंह राय, वाद्य संगीत विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेश शाह, प्रो. प्रेम किशोर मिश्र, डॉ. विजय कपूर, डॉ. खिलेश्वरी पटेल, डॉ. चंदन विश्वकर्मा,  राम मिश्र,  सिद्धार्थ चक्रवर्ती सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यशाला के प्रथम दो दिनों में बनारस घराने के प्रख्यात कथक नर्तक एवं गुरु पंडित मताप्रसाद मिश्र विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। वहीं, तीसरे एवं चौथे दिन बनारस घराने के प्रतिष्ठित गुरु पंडित रविशंकर मिश्र प्रशिक्षण सत्रों का संचालन करेंगे। इन सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को बनारस घराने की विशिष्ट नृत्य तकनीकों, पारंपरिक नृत्य शैली एवं कलात्मक अभिव्यक्तियों की जानकारी प्राप्त होगी।

इस कार्यशाला में शोधार्थियों सहित लगभग 100 विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। पाँच दिवसीय कार्यशाला का समापन 30 अक्टूबर 2026 को होगा। इस अवसर पर दोनों प्रख्यात गुरु तथा प्रतिभागी विद्यार्थी विशेष नृत्य प्रस्तुतियाँ देंगे।

कार्यशाला का संयोजन डॉ. रंजना उपाध्याय द्वारा किया जा रहा है तथा नृत्य विभाग की विभागाध्यक्षा डॉ. दीपान्विता सिंह राय इसकी संयोजक हैं।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र