पुलिस मुठभेड़ में महिला हत्याकांड का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Oct 27, 2026 - 09:42
Oct 27, 2026 - 09:53
 0
पुलिस मुठभेड़ में महिला हत्याकांड का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

रुद्रपुर में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग, एक आरोपी फरार; हत्या की सुपारी में तीन लाख रुपये तय होने का पुलिस का दावा

घनश्याम मणि त्रिपाठी, मंडल प्रभारी गोरखपुर जोन : देवरिया। रुद्रपुर थाना क्षेत्र में सीएचसी परिसर स्थित कर्मचारी आवास में हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान वांछित आरोपी रामअशीष यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को सीएचसी रुद्रपुर में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर किया गया। वहीं, बाइक चला रहा दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात अवस्थी चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा करने पर बाइक सवारों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग की। ग्राम शिहोरचक के पास एक आरोपी ने पेड़ की आड़ लेकर दोबारा गोली चलाई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामअशीष यादव (48), निवासी छपरा, थाना गगहा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह रुद्रपुर सीएचसी परिसर में 25 अक्टूबर को हुई महिला की हत्या के मामले में वांछित था।

तीन लाख रुपये में हत्या की सुपारी देने का आरोप

पुलिस की पूछताछ के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर महिला की हत्या के लिए तीन लाख रुपये की सुपारी मिलने की बात बताई है। पुलिस का दावा है कि इसमें से 2.5 लाख रुपये पहले दिए जा चुके थे और शेष 50 हजार रुपये लेने के लिए आरोपी अपने साथी के साथ जा रहा था। पूछताछ में हत्या की योजना और वारदात में अन्य लोगों की कथित भूमिका का भी खुलासा होने की बात कही गई है। इन आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया में होनी बाकी है।

25 अक्टूबर को आवास में मिला था महिला का शव

पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि रुद्रपुर सीएचसी परिसर स्थित कर्मचारी आवास में गुड़िया नामक महिला मृत अवस्था में मिली हैं। मामले में मृतका की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर गठित टीम मामले की जांच कर रही थी।

पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र