नेशनल हाईवे पर माल ढुलाई की आड़ में जीएसटी चोरी का शक! बिहार से यूपी और दूसरे प्रदेशों तक फैले कथित नेटवर्क पर उठे सवाल
अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : कुशीनगर। जनपद से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे पर माल परिवहन के जरिए कथित जीएसटी चोरी का मामला एक बार फिर चर्चा में है। बिहार से उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेश से अन्य प्रदेशों तक माल की आवाजाही के दौरान बिना वैध बिल और आवश्यक परिवहन दस्तावेजों के माल ढुलाई किए जाने की चर्चाएं तेज हैं।
बताया जा रहा है कि मालवाहक वाहनों के जरिए बड़े पैमाने पर सामान का परिवहन किया जाता है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित वाहनों के बिल, ई-वे बिल और अन्य जरूरी कागजातों की नियमानुसार जांच हो रही है? यदि बिना वैध दस्तावेजों के माल की आवाजाही हो रही है तो इससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
मामले को लेकर वाणिज्य कर विभाग और संबंधित जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। आखिर हाईवे से गुजरने वाले संदिग्ध मालवाहक वाहनों की निगरानी किस स्तर पर की जा रही है? क्या इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर परिवहन से जुड़े नेटवर्क की वास्तविकता सामने लाई जाएगी?
फिलहाल इन चर्चाओं और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। जरूरत है कि संबंधित विभाग मामले का संज्ञान लेकर वाहनों के दस्तावेजों, माल के स्रोत और गंतव्य की जांच करे, ताकि किसी भी संभावित कर चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
अब निगाहें संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।